गौमांस के साथ आरोपित गिरफ्तार, चार फरार

 


हरिद्वार, 29 मई (हि.स.)। जनपद में गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम सिकरोड़ा में छापेमारी कर गौकशी कर रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके चार साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब 250 किलोग्राम गौमांस, गोवंशीय अवशेष और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में दुराचारियों, वारंटियों, वांछित अपराधियों, नशा तस्करों और गौकशी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई थी।

पुलिस को आज सूचना मिली कि ग्राम सिकरोड़ा में बेरियों पीर की ओर जाने वाले रास्ते पर अनवर के घर के पीछे खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम ने आगे बढ़कर घेराबंदी की तो वहां पांच लोग गाय को काटते और मांस की कटाई-छंटाई करते मिले। पुलिस को अपनी ओर आता देख सभी आरोपित भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर इरशाद पुत्र कुर्बान निवासी ग्राम सिकरोड़ा, थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मौके से पुलिस ने लगभग 250 किलो गौमांस, गोवंशीय सिर, खुर, खाल तथा दो लोहे की छुरियां बरामद कीं। बरामद गोमांस को प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबाया गया।पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला