गोमांस के साथ महिला गिरफ्तार
हरिद्वार, 28 मार्च (हि.स.)। जनपद में गोकशी की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कुल 8 आरोपितों के विरुद्ध गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आज थाना भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिरचन्दी में फरमान पुत्र सईद के घेर में कुछ लोग गोकशी कर गोमांस की कटाई-छंटाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को आता देख अधिकांश आरोपी फरार हो गए, जबकि मौके से एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से लगभग 150 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। बरामद संदिग्ध गोमांस को गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के साथ नष्ट करवा दिया गया। पुलिस ने इस मामले में कुल 8 आरोपितों के विरुद्ध उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपित एक महिला निवासी ग्राम सिरचन्दी, थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार बतायी गयी है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपिता का चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला