पैतृक संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हरिद्वार, 24 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम इक्कड़ खुर्द निवासी मुदस्सिर ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बिलाल मस्जिद के पास स्थित पैतृक संपत्ति का बंटवारा पूर्व में ही उसके और गांव के ही इरफान, गुलफाम, अनस, उस्मान व इस्तियाक के बीच हो चुका था। सभी अपने-अपने हिस्से पर मकान बनाकर रह रहे हैं।
आरोप है कि 15 फरवरी की सुबह करीब 10.30 बजे, जब मुदस्सिर अपने हिस्से की जमीन पर निर्माण कार्य करा रहा था, तभी नामजद आरोपी लाठी-डंडे, फावड़ा और कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए निर्माण कार्य रुकवाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपितों ने मुदस्सिर और उसके भाई नौशाद पर हमला बोल दिया।
इसी दौरान इरफान ने कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर मुदस्सिर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला