नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, टैक्सी चालक गिरफ्तार
नैनीताल, 07 मार्च (हि.स.)। नैनीताल में दिल्ली से आई 22 वर्षीय महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट और मोबाइल फोन लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपित टैक्सी चालक को दस घंटे के भीतर वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को बताया कि दिल्ली निवासी युवती 5 मार्च की रात बस से देहरादून होते हुए हल्द्वानी पहुंची और वहां से ऑटो से काठगोदाम आई। इसके बाद उसने नैनीताल जाने के लिए टैक्सी किराये पर ली। रात्रि करीब 1:30 बजे बल्दियाखान क्षेत्र के पास टैक्सी चालक ने वाहन को मुख्य मार्ग से हटाकर पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपित ने महिला के साथ मारपीट की, दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह वाहन से उतरकर भाग निकली और अंधेरे में एक कलवर्ट में छिपकर रात बिताई। सुबह स्थानीय लोगों की मदद से उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलित किए और तल्लीताल थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 309(6) और 137 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन संख्या यूके04टीबी-5500 वैगनआर के आधार पर जांच करते हुए आरोपित दीपक सिंह बोरा निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर थाना मुखानी को पाइन्स-भवाली मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पीड़िता का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला उप निरीक्षक बबीता, अपर उप निरीक्षक सुनील कुमार तथा आरक्षी बृजमोहन और परमजीत सिंह शामिल रहे। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी