गौकशी की सूचना पर छापा, 47.4 किलो मांस बरामद, एक गिरफ्तार
हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ग्राम सलेमपुर में गौकशी की सूचना पर छापेमारी कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 47 किलो 400 ग्राम मांस और पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि सलेमपुर में तीन व्यक्ति गौकशी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से वसीम पुत्र नसीम, निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर, उम्र 35 वर्ष को पकड़ लिया। वहीं, फैजान निवासी सलेमपुर और मुर्सलीन पुत्र जमील निवासी सलेमपुर पुलिस को देखकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से कुल 47 किलो 400 ग्राम मांस तथा अवैध पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। मामले में गिरफ्तार आरोपी समेत फरार दोनों आरोपियों के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए सुरागरसी-पतारसी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला