पुलिस की दबिश, 30 किलो गोमांस बरामद, एक गिरफ्तार, एक फरार
हरिद्वार, 03 सितंबर (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस ने गोकशी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम ऐथल बुजुर्ग में एक घर पर दबिश देकर 30 किलोग्राम गोमांस और एक दतेड़ा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपित को हिरासत में लिया, जबकि कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपदभर में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ लगातार चेकिंग और दबिश अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पथरी पुलिस टीम को सूचना मिली कि ग्राम ऐथल बुजुर्ग स्थित एक घर में कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से गोकशी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पथरी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित घर में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान शहीद उर्फ चून्दा पुत्र जिम्मू, निवासी ग्राम ऐथल बुजुर्ग, थाना पथरी को हिरासत में लिया गया। मौके से करीब 30 किलोग्राम गोमांस और एक दतेड़ा बरामद किया गया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला