मुख्यमंत्री बोले- भ्रष्टाचार में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे, विजिलेंस को स्वतंत्र कार्रवाई की छूट

 




देहरादून, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रखने का दावा किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार चाहे किसी भी स्तर पर हो, उसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने सतर्कता विभाग (विजिलेंस) को स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और ईमानदार प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रही है, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कदम उठाए गए हैं। पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव के आधार पर किसी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में विजिलेंस ने जांच, ट्रैप और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई की है। विभिन्न मामलों में विभागीय कार्रवाई और निलंबन के कदम भी उठाए गए हैं।

सरकार ने हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों सहित कई अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई का उल्लेख किया है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद संबंधी अनियमितताओं और उत्तराखंड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्रवाइयों से सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच एजेंसियों को तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की स्वतंत्रता दी गई है।

1064 ऐप से सीधे दर्ज करा सकते हैं शिकायत

भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सतर्कता विभाग का 1064 ऐप आम नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज कराने का माध्यम बनाया गया है। इसके जरिए रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत सीधे दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतों की जांच के बाद विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है। इससे नागरिकों के लिए भ्रष्टाचार की शिकायत करना आसान बनाने का प्रयास किया गया है।

विजिलेंस को संसाधन और प्रभावी पैरवी पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सतर्कता विभाग को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भ्रष्टाचार के मामलों में जांच के साथ न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है अथवा पद का दुरुपयोग करता है तो इसकी सूचना निर्भीक होकर सतर्कता विभाग को दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी से हासिल किया जा सकता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय