नगर निगम 100 वार्डों में काराएगी फाॅगिंग, महापाैर ने शुरु किया अभियान

 


देहरादून, 17 अप्रैल (हि. स.)। नगर निगम ने मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए शहर में व्यापक एवं सघन फॉगिंग अभियान की शुरुआत की है। महापौर सौरभ थपलियाल ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस मौक ेपर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि यह अभियान डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में नियमितता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगम ने अभियान के लिए 5 बड़ी फॉगिंग मशीनों सहित पर्याप्त हैंडहेल्ड उपकरणों की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान के तहत नगर निगम शहर के सभी 100 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग कराएगा । इसके लिए वाहनों, ई-रिक्शा और हैंडहेल्ड मशीनों का उपयोग किया जाएगा ताकि संकरी गलियों और दुर्गम क्षेत्रों तक भी पहुंच सुनिश्चित हो सके। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने में सहयोग करें।

अभियान के शुभारंभ के मौके पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, पार्षद भूपेंद्र सिंह कठैत, मीनाक्षी नौटियाल, प्रशांत डोभाल, महेंद्र सिंह रावत, वैभव अग्रवाल और अमित भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय