आईबी अधिकारी को गोली मारने वाला संविदा चालक गिरफ्तार
हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में संविदा पर नियुक्त एक चालक ने अपने ही अधिकारी को गोली मार दी। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अधिकारी को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची कनखल पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को थाना कनखल पुलिस को सूचना मिली कि विष्णु गार्डन क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने साथी को गोली मार दी है। घायल को उपचार के लिए बंगाली अस्पताल ले जाया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि संविदा चालक विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम जयहरी, तहसील यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी सर्वप्रिय विहार, कनखल ने अपने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल निवासी विष्णु गार्डन को गोली मारी थी।
घटना के बाद आरोपित ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया। पुलिस के पहुंचने से पहले वह कार्यालय के फर्श पर पोछा लगाकर सफाई करने लगा। इसके बाद कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले चार-पांच महीनों से उसका अधिकारी के साथ विवाद चल रहा था। आरोपित अधिकारी की टोका-टाकी और कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अधिकारी पर गोली चला दी।
पुलिस ने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला