प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धनोल्टी में आंचल कैफे का निर्माण शुरू

 


नई टिहरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यटन नगरी धनोल्टी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा क के लिए आंचल कैफे की स्थापना की जाएगी। करीब 50 लाख रूपये की लागत से शुरू होने वाले कैफे का भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया। कैफे में स्थानीय दुग्ध उत्पादों के साथ ही पहाड़ी भोजन और थाली भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सोमवार को धनोल्टी में टिहरी गढ़वाल दुग्ध उत्पादक संघ के अध्यक्ष सुशील रावत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित एसडीएम अंशुल भट्ट ने कैफे का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता के माध्यम से खुशहाली लाने का कार्य कर रही है। धनोल्टी प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां हमेशा बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

ऐसे में आंचल कैफे की स्थापना से पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों के साथ ही पहाड़ी भोजन और पारंपरिक थाली उपलब्ध होगी। वहीं उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है। स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन, सहकारी दुग्ध व्यवस्था को मजबूती और क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी इससे मदद मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने दुग्ध संघ की इस पहल का स्वागत किया। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष रघुवीर रमोला, इको पार्क समिति के कुलदीप नेगी, महामंत्री जगदीश सेमवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री पृथ्वी रावत, राहुल बेलवाल, यशपाल बेलवाल, विपुल बेलवाल, सोबन गुसाईं, प्रदीप बेलवाल, अरविंद मखलोगा, प्रवीण रावत, राहुल बिजल्वाण, दीपक असवाल, अनिल गुसाईं मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी