वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

 


हरिद्वार, 28 सितंबर (हि.स.)। वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने सोमवार को चंद्राचार्य चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर इस्तीफे की मांग की और पूरे प्रकरण की स्वतंत्र व पारदर्शी जांच की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान जिला महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि चुनाव आयोग को संवैधानिक दायित्व निष्पक्षता से निभाते हुए मताधिकार की रक्षा करनी चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष चौहान और पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि लोकतंत्र का आधार जनता का विश्वास और स्वतंत्र मत है, वोट की पवित्रता पर सवाल गंभीर चिंता का विषय है।

वरिष्ठ नेता वरुण बालियान, महेश प्रताप राणा, अशोक शर्मा और महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि आरोपों का जवाब तथ्यों और पारदर्शी जांच से दिया जाना चाहिए।

महिला जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, महानगर अध्यक्ष लता जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी और रचना शर्मा ने भी इस्तीफे की मांग की। इरफान अंसारी, मकबूल कुरैशी, अंकित चौहान, पुनीत कुमार, पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी, अकरम अंसारी, तीर्थ पाल रवि और हिमांशु राजपूत लोधी ने कहा कि कांग्रेस हर मतदाता के सम्मान और निष्पक्ष चुनाव के लिए संघर्ष करती रहेगी।

प्रदर्शन में कैश खुराना, विकास सिंह, नलिनी दीक्षित, शशि झा, उज्ज्वल वालिया, सतेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला