महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस महिला का प्रदर्शन
देहरादून, 28 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश महिला कांग्रेस ने मंगलवार को 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर विधानसभा घेराव कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर महिला कांग्रेस ने कहा कि यदि जल्द महिला आरक्षण लागू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा।
विधानसभा घेराव कार्यक्रम का प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में किया गया। इस मौके पर महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में हिम पैलेस, नेहरू कॉलोनी में एकत्रित हुईं। यहां से विधानसभा की ओर विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान महिला आरक्षण लागू करो और आधी आबादी को पूरा हक दो जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। विधानसभा से पहले पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई ,जबकि बैरिकेडिंग पार करने को लेकर हल्की झड़प की स्थिति भी बनी। पुलिस ने कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया, जिससे प्रदर्शनकारियों में आक्रोश बढ़ गया।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत भी पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने में देरी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बावजूद अब तक 33 प्रतिशत आरक्षण लागू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना और परिसीमन के नाम पर महिलाओं के अधिकार को टाला जा रहा है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता जया कर्नाटक,पुष्पा पवार, अंशुल त्यागी, आशा रावत, सुशीला शर्मा, अंजू मिश्रा, शशि शाह, अनीता सकलानी, शोभा बडोनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा ललित भद्री, बबलू पंवार, शहीद जमाल, आलोक मेहता, नरेश सकलानी, बंटू, गौरव रावत, नितिन उनियाल, अनुज,अनुराग कंसवाल, अभिमन्यु, साहिल शेख, प्रियांशु गौड़, सूरज सहित युवा कांग्रेस के साथियों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिससे आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय