मतदाता सूची पुनरीक्षण पर कांग्रेस का विरोध तेज, आंदोलन की चेतावनी

 


देहरादून, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में चुनाव आयोग के गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पिछले दो दिनों में कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न वार्डों का दौरा कर नोटिस प्राप्त करने वाले तथा मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की आशंका जता रहे लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

धस्माना ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के कांवली, इंदिरापुरम, गांधीग्राम, द्रोणपुरी और सीमाद्वार वार्डों तथा धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मांजरा, ब्रह्मपुरी और ब्राह्मणवाला क्षेत्रों में स्थानीय लोगों से संवाद किया।

सीमाद्वार के शास्त्रीनगर निवासी अनिता दास ने उन्हें बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से कांवली मतदान केंद्र पर मतदान करती आ रही हैं। उनके पति और बच्चों के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज हैं, इसके बावजूद उन्हें एसआईआर के तहत नोटिस मिला है, जिसमें कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। धस्माना के अनुसार, क्षेत्र के कई अन्य लोगों को भी नाम परिवर्तन, उपनाम अथवा अन्य कारणों से नोटिस जारी किए गए हैं।

स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए धस्माना ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से बूथ स्तर पर होने वाली सुनवाई के दौरान पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और स्थानीय नेता लोगों की सहायता करेंगे, ताकि किसी भी वैध मतदाता का नाम सूची से न हटे और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चुनाव आयोग सरकार या किसी राजनीतिक दबाव में आकर वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास करता है तो कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

बैठक में जगदीश धीमान, अल्ताफ अहमद, शुभम सैनी, नन्हे, प्रवीण कश्यप, आनंद सिंह पुंडीर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल