भाजपा सरकार में विधायक ही असुरक्षित, न्यायिक जांच हाे: गोदियाल
देहरादून, 01 मई (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सत्तारूढ़ दल के विधायक की ओर से जान के खतरे के आरोपों को गंभीर बताते हुए पुष्कर सिंह धामी सरकार से पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की है।
शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य सरकार माफिया के प्रभाव में काम कर रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बदहाल है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राज्यपाल से समय मांग रहे थे, लेकिन समय नहीं मिलने पर उन्होंने मामला सार्वजनिक किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल एक पत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि यह पत्र अरविंद पांडेय का है, जिसमें पुष्कर सिंह धामी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
गोदियाल के अनुसार, पत्र में विधायक ने आरोप लगाया है कि पिछले चार वर्षों से उनके खिलाफ षड्यंत्र रचे जा रहे हैं, फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए और परिवार पर दबाव बनाया गया। साथ ही कुछ पुलिस अधिकारियों, कारोबारियों और मीडिया के माध्यम से छवि धूमिल करने की कोशिश का भी जिक्र किया गया है। उन्होंने एक विवादित व्यक्ति सुखदेव सिंह नामधारी से कथित संबंधों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
गोदियाल ने कहा कि प्रदेश हित में इस पूरे प्रकरण की जांच एसआईटी का गठन कर सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी की निगरानी में किया जाए, ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके,ताकि 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो सके। उन्होंने कहा कि विधायकों को भी सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ रही है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक विधायक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, तो आम जनता की स्थिति और चिंताजनक हो सकती है। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल के विधायक ही असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
इस दौरान उन्होंने विधानसभा सत्र की उपयोगिता पर भी सवाल उठाए और 33 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में विशेष सत्र का आयोजन का उपयोग राज्य हित में नहीं रहा।
उन्होंने एक सवाल पर कहा कि चारधाम में वीआईपी व्यवस्था समाप्त नहीं होनी चाहिए। हेली यात्रियों और व्यवहारिक पक्ष को ध्यान में रखकर दर्शन की सुविधा होनी चाहिए। भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर कहा के कांग्रेस चारधाम यात्रा का विरोधी नहीं है। भाजपा नेता के गलत बयान का विरोध करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय