कई भाजपा नेता कांग्रेस के संपर्क में: गणेश गोदियाल
हल्द्वानी, 27 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जल्द ही राज्य के 18 नेता कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। संभावित नेताओं की सूची पार्टी हाईकमान को भेजी गई है और स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सोमवार को स्वराज आश्रम,हल्द्वानी में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कुछ अन्य दलों,जिनमें भाजपा के विधायक भी शामिल बताए जा रहे हैं, पार्टी के संपर्क में हैं। हालांकि,इन दावों पर संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार में 'डेमोग्राफी चेंज' जैसे विषयों को राजनीतिक दृष्टिकोण से उठाए जाने का आरोप लगाया। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया कि वर्तमान 70 विधानसभा सीटों पर ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जा सकता है।
उन्होंने प्रस्तावित विधानसभा सत्र के औचित्य पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सत्र में जनहित के ठोस मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रदेश में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर भी चिंता जताई।
इस मौके पर विधायक सुमित हृदयेश, हरीश दुर्गपाल और ललित फर्स्वाण सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता