हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण यज्ञ के विरोध में कांग्रेस ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
देहरादून, 31 अगस्त (हि. स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गढ़ी कैंट और राजपुर थाने पहुंचकर हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से किए गए यज्ञ एवं शुद्धिकरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
थापली ने कहा कि भारत की पहचान सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की भावना से है। किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद कथित रूप से इस तरह का शुद्धिकरण यज्ञ किया जाना सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर इस तरह के कृत्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है तो यह लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने भाजपा से संकीर्ण राजनीति छोड़कर सामाजिक सौहार्द मजबूत करने की दिशा में काम करने की अपील की।
थापली ने कहा कि कांग्रेस ऐसे कृत्यों और समाज को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान अनूप सक्सेना, रितेश जोशी, सुरेंद्र रावत, सागर लंबा, सुशांत बोरा, सोनिया आनंद, प्रशांत खंडूरी, पवन खारोला, हेमंत बराल, दुर्गा राय, ममता थापा, अनिल बस्नेत, मनीष गौनियाल, राकेश खारोला, नरेंद्र रावत और विक्रम प्रधान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय