कांग्रेस ने संगठन की मजबूती पर दिया जोर
पौड़ी गढ़वाल, 23 मई (हि.स.)। शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में पौड़ी विधानसभा के ब्लाक अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान पौड़ी विधानसभा में न्याय पंचायत और बूथ स्तर गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली।
शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया। कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाए। इस दौरान पार्टी को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने को लेकर रणनीति बनाकर काम करने पर जोर दिया। कहा कि एकजुट होकर पार्टी को विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दिलवाई जा सकती है।
उन्होंने न्याय पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर भी जोर दिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान सभासद रेखा चौहान, पुष्पा रावत के साथ ही नीतू, विनोद रावत सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता हासिल की। इस मौके पर नगराध्यक्ष भरत सिंह रावत, सुंदरलाल मुयाल, यशोदा नेगी, अनिल कुमार आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह