उत्तराखंड चुनाव की तैयारियों को लेकर खरगे और राहुल गांधी ने प्रदेश के नेताओं के साथ की बैठक
देहरादून, 02 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया।
सोमवार को नई दिल्ली में खरगे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं ने उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं को सुझाव और निर्देश भी दिए।
बैठक में कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत मौजूद रहे। सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी बैठक में शामिल हुए।
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बताया कि बैठक में प्रदेश के मौजूदा सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में पार्टी की पहुंच मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व प्रदेश के राजनीतिक हालात और संगठन की तैयारियों को गंभीरता से ले रहा है। बैठक में सामूहिक नेतृत्व, आपसी समन्वय और संगठन को मजबूत बनाकर चुनावी मैदान में उतरने की दिशा में विचार किया गया।
दसौनी के अनुसार, कांग्रेस प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनअपेक्षाओं के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर आगामी चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय