कांग्रेस चुनाव अभियान समिति कार्यालय का उद्घाटन, प्रीतम सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना
देहरादून, 29 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह की उपस्थिति में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में चुनाव अभियान समिति कार्यालय कक्ष का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से परेशान हो चुकी है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिला अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति उजागर कर दी है और युवाओं में भविष्य को लेकर निराशा है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों से लेकर अब तक केवल झूठे वादे किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारों ने अपने कार्यकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि युवा, बेरोजगार, विद्यार्थी, महिला, मजदूर और किसान समेत समाज का हर वर्ग परेशान है।
उन्होंने दावा किया कि जनता देश और प्रदेश में बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड में दोबारा सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर प्रदेश का विकास फिर से पटरी पर लौटेगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, महामंत्री राजेंद्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, संजय किशोर, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय