कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को धार दी, उत्तराखंड के लिए दो राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त
देहरादून, 28 अगस्त (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक और डिजिटल स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म विभाग की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने विभिन्न राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों से संबंधित सोशल मीडिया गतिविधियों के समन्वय के लिए राष्ट्रीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उत्तराखंड के लिए संदीप गुप्ता और अक्षत सिंह को राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने दोनों नवनियुक्त राष्ट्रीय समन्वयकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उत्तराखंड के लिए राष्ट्रीय स्तर पर समन्वयकों की नियुक्ति से पार्टी की डिजिटल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
भंडारी ने विश्वास जताया कि संदीप गुप्ता और अक्षत सिंह अपने अनुभव, परिश्रम और समर्पण के साथ कांग्रेस के पक्ष में प्रभावी डिजिटल अभियान चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पदाधिकारी प्रदेश संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया राजनीतिक संवाद और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी के कार्यक्रमों, नीतियों और विचारों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका और बढ़ जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त समन्वयक संगठन की डिजिटल रणनीति को मजबूती प्रदान करेंगे।
अमरजीत सिंह को पंजाब प्रभारी बनाए जाने पर भी बधाई
राजेंद्र सिंह भंडारी ने प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अमरजीत सिंह को पंजाब के वर्तमान प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि अमरजीत सिंह ने पूर्व में पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पण और कुशलता के साथ काम किया है।
भंडारी ने विश्वास जताया कि अमरजीत सिंह अपने पूर्व अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल का उपयोग करते हुए पंजाब में कांग्रेस को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
भंडारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं और संगठन को बूथ स्तर से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारियों और समन्वयकों की जिम्मेदारी पार्टी के चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने सभी नवनियुक्त प्रभारियों, समन्वयकों और पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सक्रियता से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को सफलता प्राप्त होगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय