राहुल गांधी के धरने के विरोध में भाजपा ने किया कांग्रेस मुख्यालय का घेराव, दोनों दल आमने-सामने
देहरादून, 22 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिए जाने के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के विरोध में प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।
भाजपा के आह्वान पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर बाद भाजपा महानगर कार्यालय में एकत्र हुए। यहां आयोजित सभा में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी के धरने को लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए इसकी आलोचना की। सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन की ओर बढ़े और वहां प्रदर्शन कर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस युवाओं को दिग्भ्रमित कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश के विकास को बाधित करने की मंशा से कार्य कर रहा है।
भाजपा नेता शादाब शम्स ने कहा कि कांग्रेस बच्चों और छात्रों को गुमराह कर अपने राजनीतिक हित साधना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल छात्रों को आगे कर अपना स्वार्थ पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्र अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राजनीति को समझ चुके हैं। उनका आरोप था कि राहुल गांधी का छात्रों के हितों से कोई सरोकार नहीं है और वह सरकार के खिलाफ षड्यंत्र करने की राजनीति कर रहे हैं।
उधर, भाजपा के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी राजीव भवन से बाहर निकले और भाजपा सरकार तथा केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोनों दलों के प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पहले से ही मौके पर तैनात रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनभावनाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
राजनीतिक प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने राजीव भवन और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय