कांग्रेस ने सचिन नेगी को नैनीताल नगर अध्यक्ष किया नियुक्त
नैनीताल, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने नैनीताल के पूर्व पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी को नैनीताल नगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद उनके समर्थकों में उत्साह देखा गया है।
संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार स्वयं पालिकाध्यक्ष के पद पर जीत के बाद बीते नगर पालिका चुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशी की सफलता में उनकी सक्रिय भूमिका रही है, जिसके आधार पर उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है।
नगर अध्यक्ष बनने के बाद सचिन नेगी ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रीतम सिंह, रणजीत रावत, संजीव आर्य, हरक सिंह रावत, करन मेहरा, डॉ. महेंद्र पाल, सतीश नैनवाल व आदेश चौहान सहित शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी