सरकारी जमीनों के हस्तांतरण पर कांग्रेस के सवाल

 

हल्द्वानी, 16 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने उत्तराखंड में सरकारी जमीनों के हस्तांतरण और उपयोग को लेकर राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि यदि उसकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

हल्द्वानी में बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की बेशकीमती सरकारी जमीनों को यूआईआईडीबी और सिडकुल के माध्यम से हस्तांतरित कर बड़े उद्योगपतियों और बाहरी लोगों को देने की प्रक्रिया चल रही है।

छिमवाल ने कहा कि नैनीताल जिले के पटवाडांगर और मरचूला-कॉर्बेट क्षेत्र की जमीनों के अलावा एचएमटी रानीबाग की भूमि को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य की बहुमूल्य जमीनों से जुड़े निर्णयों में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

छिमवाल ने सरकार से कांग्रेस की ओर से उठाए गए सभी जमीन संबंधी मामलों में हस्तांतरण और आवंटन के निर्णयों की समीक्षा करने व जनहित के विपरीत किसी भी प्रक्रिया को रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि जमीनों के मुद्दे पर पार्टी आने वाले दिनों में व्यापक विरोध-प्रदर्शन की रणनीति तैयार करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता