खड़गे की रैली के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ के आरोप पर कांग्रेस का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

 


हरिद्वार, 31 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए हरिद्वार कोतवाली पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी।

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि यदि मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना जातिगत मानसिकता के कारण की गई है तो यह केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान, सामाजिक समानता और देश के करोड़ों दलितों के सम्मान पर चोट है।

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय पालीवाल ने कहा कि कांग्रेस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग करती है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान और युवा नेता वरुण बालियान ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे दशकों से संसद से लेकर सड़क तक जनता की आवाज उठाने वाले वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता हैं। उनकी रैली के बाद मंच को कथित तौर पर ‘शुद्ध’ किए जाने की मानसिकता बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।

वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और प्रदेश कांग्रेस सचिव प्रदीप चौधरी ने कहा कि मामला केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक के बराबरी के अधिकार से जुड़ा है।

पूर्व सभासद अशोक शर्मा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने सवाल उठाया कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर एक वरिष्ठ दलित नेता की मौजूदगी के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ की आवश्यकता क्यों महसूस की गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को उसकी जाति के आधार पर शुद्ध-अशुद्ध की दृष्टि से देखा जाता है तो यह संवैधानिक व्यवस्था का अपमान है।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव मकबूल कुरैशी और एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि ने कहा कि भाजपा नेताओं को मंच का नहीं, बल्कि जातिवादी और सामंती सोच का ‘शुद्धिकरण’ करने की आवश्यकता है।

वीरेंद्र श्रमिक, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नितिन तेश्वर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, प्रदेश महासचिव नलिनी दीक्षित, पार्षद सोहित सेठी, विवेक भूषण विक्की ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

उन्होंने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के संविधान और समानता के सिद्धांतों से चलेगा, जातिगत भेदभाव और सामंती मानसिकता से नहीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन में चौधरी करतार सिंह खारी, महानगर कांग्रेस महासचिव तुषार कपिल, बीपीएस तेजियान, मंडलम अध्यक्ष सन्नी मल्होत्रा, शुभम जागरिया, विवेक बाबरे, पूर्व नगर अध्यक्ष अंकित चौहान, पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी, पूर्व पार्षद सुहैल कुरेशी, जावेद अंसारी, सन्नी सक्सेना, आशीष प्रधान, पार्षद हिमांशु गुप्ता, सीपी सिंह, संदीप भार्गव, विरेंद्र तेश्वर, प्रदीप भाटिया, हरिओम शर्मा, अरुण चौहान, शुभम जोशी, संदीप, मोहित गर्ग, सुमन अग्रवाल, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव शशि झा, हिमांशु राजपूत, दिनेश कुमार, अमन यादव, हेमंत चंचल, मोहित अरोड़ा, आशीष शर्मा, दिनेश पुंडीर, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी मुकेश त्यागी, लोकेश शर्मा, करन सिंह राणा, राजेश खुराना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला