‘साकेती’ का निधन पत्रकारिता और साहित्य जगत की अपूर्णनीय क्षति: महेंद्र भट्ट

 






देहरादून, 28 फरवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं विचार पत्रिका ‘देवकमल’ के संपादक दिवंगत राम प्रताप मिश्रा ‘साकेती’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि साकेती का देहावसान पत्रकारिता, साहित्य जगत और पार्टी के वैचारिक प्रवाह की अपूर्णनीय क्षति है।

शनिवार को बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में राज्य संगठन की विचार पत्रिका ‘देवकमल’ के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार-साहित्यकार स्वर्गीय राम प्रताप मिश्रा ‘साकेती’ के निधन पर श्रद्धांजलि सभी आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राम प्रताप मिश्र साकेती ने अपनी लेखनी और वैचारिक प्रतिबद्धता से संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया। उनके संपादन में ‘देवकमल’ ने वैचारिक दृष्टि से नई ऊंचाइयां प्राप्त कीं। वे एक उत्कृष्ट पत्रकार होने के साथ-साथ सरल, स्नेही और समर्पित व्यक्तित्व के धनी थे।

उन्होंने कहा कि साकेती का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी लेखनी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। भट्ट ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने कहा कि देवभूमि में भारतीय जनता पार्टी उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकती। वे पत्रकारिता और साहित्य जगत के अनमोल रत्न थे, जिनकी लेखनी आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

प्रदेश कार्यालय सचिव जगनमोहन रावत के संचालन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर सौरभ थपलियाल, विनोद उनियाल, मधु भट्ट, गीता खन्ना, हेमराज बिष्ट, डॉ. देवेंद्र भसीन, सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, डॉ. आदित्य कुमार, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, डॉ. इंदुबाला, ओ.पी. कुलश्रेष्ठ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा में स्वर्गीय ‘साकेती’ के परिजनों सोनिया मिश्रा, आशीष मिश्रा, आयुष मिश्रा एवं आकाश मिश्रा की भी उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय