विकसित भारत युवा संसद के लिए पौड़ी में भाषण प्रतियोगिता
पौड़ी गढ़वाल, 07 नवंबर (हि.स.)। मेरा युवा भारत, पौड़ी गढ़वाल की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी में विकसित भारत युवा संसद-2027 के तहत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में भूमिका जोशी ने प्रथम, संस्कृति गुसाईं ने द्वितीय और श्रेया पुरोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में मनोहर चमोली, डॉ. राकेश नेगी, डॉ. नरेंद्र सिंह चौहान और सुलक्षणा शर्मा शामिल रहे।
जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित तीनों प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। साथ ही उन्हें संसद में आयोजित विशेष सत्रों में अपने विचार रखने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान दीपावली स्नेह मिलन समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें युवाओं ने माय भारत की थीम ‘नशा मुक्त युवा दीपोत्सव, एक दिया संकल्प का’ पर आकर्षक रंगोली बनाकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी सिमरन रावत ने किया।
इस अवसर पर प्रियंका असवाल, नेहा, शीतल, अमन नयाल, सचिन, सूरज, अखिलेश कुमार, रोहन और रविंदर सहित कई युवा मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह