हाईवे निरीक्षण में कमिश्नर सख्त, रेलवे क्रॉसिंग गड्ढों पर जताई नाराजगी
हल्द्वानी, 17 अप्रैल (हि.स.)। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को हल्द्वानी-रुद्रपुर स्टेट हाईवे का निरीक्षण कर सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। विशेष रूप से टांडा मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य न होने और गहरे गड्ढों को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मौके पर मौजूद ब्रिडकुल विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि हॉटमिक्स का कार्य पूरा किया जा चुका है, लेकिन रेलवे क्रॉसिंग के पास गड्ढों को भरने की जिम्मेदारी रेलवे की है, जहां अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को निर्देश दिए कि रेलवे से अनापत्ति प्राप्त कर तत्काल गड्ढों को भरने और सड़क को दुरुस्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
आयुक्त ने कहा कि टांडा रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क की खराब स्थिति से न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभागों को शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
परियोजना प्रबंधक ब्रिडकुल संदीप सिंह रावत ने बताया कि हल्द्वानी-रुद्रपुर स्टेट हाईवे पर हॉटमिक्स का कार्य पूरा हो चुका है और सड़क को जल्द ही लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाना है। रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य रेलवे द्वारा किया जाना है, लेकिन ठेकेदार का चयन अभी तक नहीं हो सका है।
आयुक्त ने लोनिवि को निर्देशित किया कि सड़क का हस्तांतरण शीघ्र पूरा किया जाए और रेलवे से समन्वय स्थापित कर क्रॉसिंग के पास सड़क को तुरंत ठीक कराया जाए। साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल को भी इस संबंध में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक संदीप सिंह रावत, आरई रोहित नरियाल, मो. आसिफ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता