उत्तराखंड में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर वितरण की नई व्यवस्था लागू, जनपदवार आवंटन शुरू
देहरादून, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण को सुव्यवस्थित करने के लिए लागू स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के तहत तेल कंपनियों ने जनपदवार आवंटन शुरू कर दिया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन अब नई व्यवस्था के अनुसार गैस एजेंसियों को सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं।
अपर आयुक्त खाद्य पीएस पांगती ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे, अस्पताल और फार्मास्यूटिकल इकाइयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम तक 19 किलोग्राम के 794 तथा 47.5 किलोग्राम के 85 व्यावसायिक सिलेंडर जनपदवार एजेंसियों को भेजे जा चुके हैं, जिससे व्यावसायिक क्षेत्र को राहत मिलने की संभावना है। उन्हाेंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक गैस एजेंसी को उसके पास उपलब्ध व्यावसायिक गैस कनेक्शनों की संख्या के आधार पर सिलेंडरों का आवंटन किया जाएगा। इससे वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और आवश्यकतानुसार आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
राज्य में वर्तमान में 63,054 व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं,जिनकी आपूर्ति 311 गैस एजेंसियों के माध्यम से की जाती है। एसओपी लागू होने के बाद व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता में सुधार की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय