हरिद्वार में ऑटो और ई-रिक्शा की भिड़ंत, कई यात्री घायल
हरिद्वार, 12 जुलाई (हि. स.)। धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्त दूधाधारी चौक के समीप रविवार को ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई टक्कर में महिलाओं सहित कई यात्री घायल हो गए।
हादसे का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। दूधाधारी चौक के पास दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार यात्री सड़क पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में महिलाओं सहित कई यात्रियों वई-रिक्शा चालक को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए निकटवर्ती सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला