युवा ही देश के वर्तमान और भविष्य : मुख्यमंत्री धामी

 


देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताते हुए कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उनकी ऊर्जा, संकल्प और नवाचार की सोच ही भारत के विकास की दिशा तय करती है।

वह शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने छात्र राजनीति को नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम बताया।

उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का विकास होता है। साथ ही स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों का उल्लेख करते हुए शिक्षा को चरित्र और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना, 20 मॉडल कॉलेजों का निर्माण, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए भर्तियां भी की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डीएवी पीजी कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तल के निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, रामसिंह कैड़ा, विधायक उमेश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय