रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 2027-28 से शुरू होगा शैक्षणिक सत्र : मुख्यमंत्री

 


देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2027-28 से शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। इसके लिए सीट आवंटन का आदेश प्राप्त हो गया है। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत करने के साथ एम्स के केंद्र को भी शीघ्र शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और रुद्रपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेजों का संचालन शुरू हो चुका है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के लिए सीट आवंटन का आदेश मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में तंबाकू और निकोटीन युक्त गुटखा, पान मसाला तथा संबंधित उत्पादों पर एक वर्ष का प्रतिबंध लगाया गया है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के साथ प्रभावी कार्रवाई पर भी जोर दिया जा रहा है।

धामी ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के जरिए सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने, नियमित जनसंवाद बनाए रखने तथा महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र के संबंध में धामी ने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा और तथ्यों के आधार पर जवाब देने के लिए तैयार है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय