स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 कार्मिकों को मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक
देहरादून, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 'मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक' से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित कार्मिकों के नामों की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान पूरे पुलिस बल को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इनमें आठ कार्मिकों का चयन सेवा के आधार पर और छह का चयन विशिष्ट कार्यों के लिए किया गया है।
सेवा के आधार पर पदक पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक गिरीबर सिंह रावत, निरीक्षक मोहम्मद यासीन तथा 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चन्द्र शामिल हैं।
विशिष्ट कार्य के लिए स्वर्गीय मनोज मनराल, निरीक्षक अभिसूचना, एलआईयू देहरादून और स्वर्गीय विनोद कुमार, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, टिहरी गढ़वाल को मरणोपरांत पदक दिया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल का चयन विशिष्ट कार्य के लिए किया गया है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय