नेत्र कुंभ-2027 : 45 दिवसीय महाशिविर का शंखनाद,धामी बोले-सरकार और कुंभ मेला प्रशासन देगा हरसंभव सहयोग

 






-निःस्वार्थ सेवा ही समाज के प्रति सच्चा समर्पण : महेंद्र कुमार

-नेत्र कुंभ-2027: हरिद्वार में 45 दिन चलेगा नेत्र चिकित्सा महाशिविर,डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की जांच का लक्ष्य

देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। हरिद्वार कुंभ-2027 में आस्था और आध्यात्मिकता के साथ मानव सेवा की एक बड़ी पहल होने जा रही है। कुंभ के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख लोगों को चश्मे वितरित करने और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभियान की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।

रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज,पटेलनगर के सभागार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आयोजन की पहल करने वाली संस्था ‘सक्षम’ और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नेत्र कुंभ मानव सेवा और परोपकार की हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, सहयोग और परोपकार का भी संदेश देता है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुंभ इसी भावना को धरातल पर उतारने का एक सार्थक प्रयास है। आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण आज भी अनेक लोग समय पर अपनी आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर दृष्टि मिलने से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता के साथ उसका आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी बढ़ती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस तरह के आयोजन किए गए। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के नेत्र ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में 2027 में होने वाला आयोजन इस सेवा अभियान को और व्यापक बनाएगा।

उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्धता के साथ तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, यातायात और पैदल आवाजाही की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुंभ में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से इस सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार ने कहा कि निःस्वार्थ भाव से किया गया कार्य ही वास्तविक सेवा कहलाता है। सेवा का उद्देश्य किसी प्रकार का व्यक्तिगत लाभ प्राप्त करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना होना चाहिए। सेवा कार्य में समर्पण, संवेदनशीलता और मानवीय भाव सबसे महत्वपूर्ण हैं। नेत्र कुंभ इसी सेवा भावना का उदाहरण है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।

नेत्रदान के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना चाहिए : माता मंगला

द हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला ने नेत्रदान के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा समर्पण और लगन का कार्य है, जिसे निरंतर जारी रखना जरूरी है। सभी के सामूहिक प्रयासों से सेवा की इस धारा को और व्यापक बनाया जा सकता है। अभावग्रस्त बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।

नेत्र कुंभ एक पवित्र और पुनीत कार्य : सुबोध उनियाल

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नेत्र कुंभ एक पवित्र और पुनीत कार्य है। यह जरूरतमंद लोगों को बेहतर दृष्टि प्रदान करने के साथ उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने का माध्यम है। नेत्रदान और नेत्र चिकित्सा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस मानवीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

बाधाओं के बीच विजय के अभियान का शंखनाद है नेत्र कुंभ: प्रो. पंवार

सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो.दयाल सिंह पंवार ने कहा कि नेत्र कुंभ बाधाओं के बीच विजय के अभियान का शंखनाद है। सक्षम संस्था 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था दिव्यांगजनों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पहला नेत्र कुंभ उज्जैन में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ.संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ.अनुज सिंघल,प्रांत प्रचारक डॉ शैलेन्द्र,संजय सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय