मुख्यमंत्री धामी ने विधायक अरविंद पांडेय के आवास पहुंचकर परिवारजनों से की भेंट
गदरपुर, 13 जून (हि. स.)। ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक अरविन्द पांडेय के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से आत्मीय भेंट की।
मुख्यमंत्री ने परिवारजनों का कुशलक्षेम जाना और उनसे सौहार्दपूर्ण संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के बच्चों से भी मुलाकात कर उन्हें स्नेह एवं आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और जीवन में सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री की इस आत्मीय मुलाकात के दौरान पारिवारिक वातावरण में विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई और उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय व्यतीत किया।
गदरपुर में विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुछ दिन पहले पांडेय ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जताई थी। उनके बयानों से सरकार और संगठन दोनों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। पार्टी नेतृत्व ने भी पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया था। ऐसे में मुख्यमंत्री का उनके आवास पहुंचकर परिवारजनों से भेंट करना कई राजनीतिक संदेशों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इस मुलाकात को आधिकारिक तौर पर शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके विभिन्न मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व संगठनात्मक समन्वय और संवाद को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय है।
बता दें कि गदरपुर में विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुछ दिन पहले पांडेय ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जताई थी। उनके बयानों से सरकार और संगठन दोनों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। पार्टी नेतृत्व ने भी पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया था। ऐसे में मुख्यमंत्री का उनके आवास पहुंचकर परिवारजनों से भेंट करना कई राजनीतिक संदेशों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इस मुलाकात को आधिकारिक तौर पर शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके विभिन्न मायने निकाले जा रहे हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय