विस अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने मुख्यमंत्री से की भेंट, कोटद्वार को जिला बनाने की मांग फिर दोहराई
देहरादून, 08 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूडी भूषण ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर कोटद्वार को जिला बनाने की मांग दोहराई। उन्होंने मोटर नगर में लंबे समय से लंबित मल्टीलेवल पार्किंग (गड्ढे) के समाधान सहित क्षेत्र के विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।
मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात के दौरान खंडूडी ने कहा कि कोटद्वार गढ़वाल के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण भौगोलिक एवं प्रशासनिक केंद्र है। क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इसे जिला बनाए जाने से लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं अधिक सुगमता से मिल सकेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को कोटद्वार आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने नवनिर्मित बस अड्डे समेत क्षेत्र में पूर्ण विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और प्रस्तावित योजनाओं के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री से कोटद्वार आने का आग्रह किया।
खंडूडी ने कहा कि कोटद्वार के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को राज्य सरकार के समक्ष लगातार रखा जा रहा है। उन्होंने मोटर नगर में लंबे समय से लंबित मल्टीलेवल पार्किंग से जुड़े मामले को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने वर्तमान स्थिति और इससे क्षेत्रवासियों को हो रही असुविधा से अवगत कराते हुए इसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। बैठक में प्रदेश के समसामयिक एवं जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय