मुख्यमंत्री धामी ने सेवा पखवाड़ा के दूसरे चरण का किया शुभारंभ,योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
ऋषिकेश, 4 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश से 'सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' सेवा पखवाड़ा अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के रूप में पांच वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सरकार और आमजन के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं लोगों के बीच पहुंच रही है, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत प्रदेशभर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, स्वरोजगार सहित कई विभागों की सेवाएं शिविरों के माध्यम से आमजन तक पहुंचेंगी। साथ ही जनसमस्याओं का मौके पर पंजीकरण किया जाएगा तथा उनके त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी शिविरों में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, किसानों, युवाओं तथा जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रदेश के सभी जनपदों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाएगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य को साकार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़ा जनसेवा, सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की भावना को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण अभियान है, जो सरकार और जनता के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करेगा।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय