कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय से पूरी करें, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: धामी

 


हरिद्वार, 21 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड की आस्था, सेवा-भाव और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने सभी विभागों को सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़ के लक्ष्य के साथ कार्य करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, प्रभावी ट्रैफिक प्लान, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, वाटर एंबुलेंस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पिंक टॉयलेट, महिला पुलिस और हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने, हर की पैड़ी और प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, नो-प्लास्टिक अभियान तथा यात्रा समाप्त होने के बाद तत्काल सफाई कराने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होटलों, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच हो तथा सभी प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस और पंजीकरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया और कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला