मुख्यमंत्री ने किया स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ, युवाओं से वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

 

देहरादून, 12 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को यहां गांधी पार्क में स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत” का संदेश देश की मजबूत नींव के लिए युवाओं को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की ओर अग्रसर है और वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अनुशासन अपनाएं, शिक्षा एवं कौशल विकास पर जोर दें और राष्ट्र कर्तव्यों का पालन करें। इसके अलावा उन्होंने स्टार्टअप, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियान सभी मिलकर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, भाजपा के संगठन मंत्री अजेय कुमार, पार्टी पदाधिकारी एवं भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार