मुख्यमंत्री के हल्द्वानी दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट
हल्द्वानी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर वीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और संचार व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा प्रवेश नियंत्रण के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ प्रभावी चेकिंग और तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान मार्गों पर अवरोधों को पहले ही दूर करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन और विनम्र व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने ड्यूटी प्वाइंट,संचार व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के संबंध में पुलिसकर्मियों को जानकारी दी।
इस दौरान सीओ हल्द्वानी लव शर्मा,सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल सहित विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक, यातायात पुलिस के अधिकारी और वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता