सोलह करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति

 


देहरादून, 29 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास कार्यों और राहत उपायों के लिए कुल 16 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत आपदा प्रभावितों को राहत, जनपदों को अनटाइड फंड और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने यमुना नदी के जलस्तर में अवरोध के कारण स्यानाचट्टी क्षेत्र में झील बनने से प्रभावित 19 लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 61.09 लाख की सहायता स्वीकृत की है। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित, किराये के मकानों में रह रहे परिवारों के लिए 6 माह तक 4 हजार प्रति माह की दर से कुल 19.28 लाख की सहायता को भी मंजूरी दी गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के तहत मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों को अनटाइड फंड के रूप में कुल 13 करोड़ जारी करने को स्वीकृति दी है। इसके साथ ही देहरादून के पित्थूवाला क्षेत्र में श्रद्धा एन्कलेव में सीवर लाइन बदलने तथा संधू एन्कलेव और प्रियदर्शिनी एन्कलेव में एसपीएस निर्माण के लिए 2.43 करोड़ के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

शहीद रेवाधर के नाम पर होगा आईटीआई खेतीखान

मुख्यमंत्री ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खेतीखान का नाम शहीद लांसनायक रेवाधर के नाम पर रखने का भी अनुमोदन प्रदान किया है। अब इस संस्थान को 'शहीद रेवाधर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खेतीखान' के नाम से जाना जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय