किसानों की आय बढ़ोतरी में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर: गणेश जोशी

 


-पीएम किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों को मिले तीन हजार करोड़ रुपये, मंडुवा का समर्थन मूल्य 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया

देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को धामी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड ने किसानों की आय में बढ़ोतरी के मामले में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कृषि, बागवानी और किसान कल्याण को प्राथमिकता दी है। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से कृषि क्षेत्र में नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीज से लेकर बाजार तक किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। वहीं, 4.5 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी गई है। कृषि स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों की पारंपरिक फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए मंडुवा का खरीद मूल्य 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। प्रदेश में जीआई टैग प्राप्त उत्पादों की संख्या नौ से बढ़कर 27 हो गई है। 'हाउस ऑफ हिमालयाज' के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री जोशी ने कहा कि बागवानी के विकास के लिए 1,200 करोड़ रुपये की योजनाओं के माध्यम से सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन फसलों के लिए 70 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 'महक क्रांति' के माध्यम से 91 हजार से अधिक किसानों को सुगंधित खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों की उत्पादन लागत कम करने के लिए नहरों से मुफ्त सिंचाई और महिला स्वयं सहायता समूहों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने जैसी पहल की गई हैं।

कृषि मंत्री ने बताया कि पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश के 53 हजार डेयरी किसानों को दूध पर चार रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। गंगा गाय योजना के तहत महिलाओं को गाय खरीदने पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों के 550 से अधिक पशुपालकों से आईटीबीपी ने 11 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी खरीद की है।

उन्होंने कहा कि 170 करोड़ रुपये की मत्स्य प्रोत्साहन योजना से प्रदेश में मत्स्य पालन को बढ़ावा मिल रहा है। उत्तराखंड की ट्राउट मछली विदेशी बाजारों तक पहुंच रही है।

गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कृषि और बागवानी को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया है। अन्नदाता की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्तीकरण विकसित उत्तराखंड के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय