मुख्यमंत्री धामी आज नैनीताल जिले के एक दिवसीय दौरे पर, क्रीड़ा विश्वविद्यालय का करेंगे शिलान्यास
नैनीताल, 29 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को नैनीताल जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के भूमि-पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद हल्द्वानी में व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11.50 बजे रुद्रपुर के डीपीएस स्कूल मैदान से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 12 बजे गौलापार स्टेडियम हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से 12.10 बजे कार द्वारा उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के लिए रवाना होकर 12.15 बजे पहुंचेंगे और दोपहर दो बजे तक भूमि-पूजन, शिलान्यास एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे क्रीड़ा विश्वविद्यालय से रवाना होकर 2.45 से 3.30 बजे तक आईटीडीसी फॉर्च्यून, हल्द्वानी में व्यापार एवं उद्योग बंधुओं के साथ संवाद करेंगे। 3.30 बजे वहां से आनंद बाग के लिए रवाना होकर कार्यक्रम में शामिल होंगे और चार बजे मुखानी स्थित साउथ एन्क्लेव-4 पहुंचेंगे, जहां 4.30 बजे तक कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद 4.30 बजे एफटीआई हेलीपैड के लिए रवाना होकर शाम 4.40 बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे। आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय का शिलान्यास प्रदेश के खेल क्षेत्र में महत्वपूर्ण व बड़ी शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी