प्रदेश की सभी सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करें : मुख्यमंत्री
देहरादून, 10 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून, चारधाम और कांवड़ यात्रा, आपदा प्रबंधन, सड़कों की स्थिति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मानसून को देखते हुए जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रखने और अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने फोन चालू रखें और आपात स्थिति में तत्काल उपलब्ध रहें।
धामी ने अत्यधिक बारिश और आपदा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों, अवरुद्ध मार्गों और खराब ड्रेनेज व्यवस्था का जिलावार विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों और ड्रेनेज व्यवस्था की मरम्मत तथा पुनर्निर्माण के कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होने के बाद प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान चलाया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और कार्यों की निगरानी के लिए समितियां गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक किसी भी स्थिति में प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए।
उन्होंने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम को मानसून के बाद तेज करने के निर्देश दिए। कहा कि जिन गांवों और क्षेत्रों में अभी तक शिविर नहीं लगाए गए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं में चल रहे सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड समेत अन्य योजनाओं में अपात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी और खराब स्थिति वाली सड़कों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। ऐसी सड़कों की स्थिति का आकलन कर डामरीकरण और सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने और आवश्यकता के अनुसार उन्हें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता अभियान तेज करने और नशे के खिलाफ कार्रवाई प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर कार्रवाई और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को भी कहा।
उन्होंने कृषि, बागवानी और पशुपालन से संबंधित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, वर्चुअल माध्यम से आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय