मुख्यमंत्री धामी ने मंगल आरती में की सहभागिता, शैलदीदी से लिया आशीर्वाद

 




हरिद्वार, 08 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज पहुंचे। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने परिसर में आयोजित यज्ञ में सहभागिता कर भगवान महाकाल और मां गायत्री से प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान उन्होंने शांतिकुंज की अधिष्ठात्री शैलदीदी से भेंट कर आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। शैलदीदी ने उन्हें युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य रचित वांग्मय और साहित्य भेंट की।

भेंट के दौरान प्रदेश कल्याण, आध्यात्मिक जागरण, संस्कार, सेवा और युवाओं को रचनात्मक दिशा देने के अभियानों पर संवाद हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने लोकमंगल की कामना की।

इस अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि, महिला मंडल अध्यक्षा शैफाली पण्ड्या और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला