मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये मंजूर किए
देहरादून, 04 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें मंदिरों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, सुरक्षा कार्यों और अन्य विकास योजनाओं के लिए प्रथम किश्त जारी करने को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत द्वारीखाल विकासखंड स्थित कठुड़ बड़ा देवीखाल में मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 43.60 लाख रुपये और दुगड्डा विकासखंड स्थित महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 1.02 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में श्री हरिचंद देवता मंदिर के मास्टर प्लान के तहत निर्माण के लिए 1.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 85.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 90.16 लाख रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष 54.09 लाख रुपये, अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के कलझीपा जोशी स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.61 लाख रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष 59.76 लाख रुपये और डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 98.27 लाख रुपये में से 39.31 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले के तामली-रूपालीगाड़-सीम मोटर मार्ग निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष 47.66 लाख रुपये की प्रथम किश्त तथा टिहरी जिले के नई टिहरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिलकोट में जंगली जानवरों से बचाव के लिए घेरबाड़, सुरक्षा दीवार और नाकिल नामे से कुएं तक सीसी रेलिंग मार्ग निर्माण के लिए 93.85 लाख रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष 56.31 लाख रुपये की प्रथम किश्त जारी करने को मंजूरी दी है।
इसके अलावा देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री क्रय करने के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का भी अनुमोदन किया गया है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय