राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ा, अब 63 फीसदी मिलेगा
देहरादून, 05 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर एक जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद इस निर्णय का लाभ राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान के पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।
भारत सरकार ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत वृद्धि करते हुए इसे 63 प्रतिशत किया है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने भी अपने कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया है। पात्र कर्मचारियों को एक जुलाई से 31 अक्टूबर, 2026 तक की अवधि के बढ़े हुए महंगाई भत्ते का एरियर नकद भुगतान के रूप में दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय