मुख्यमंत्री धामी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का दिया मंत्र

 




नैनीताल, 16 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कुमाऊं संभाग के जिला और मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का मंत्र दिया।

गौलापार के चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ रिसॉर्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में आयोजित हुई बैठक में संगठन की समीक्षा, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन हुआ।

बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कैडर आधारित दल है और संगठन व सरकार मिलकर जनता के हित में कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद बढ़ाने, जमीनी स्तर की समस्याओं का समाधान करने और आगामी कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके दोहरे चरित्र, राष्ट्रगीत, सनातन और महिला विरोधी राजनीति तथा वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंडल और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार व तरुण बंसल सहित कुमाऊं संभाग के आठ जिलों- नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ़, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर के जिला अध्यक्ष व 130 मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी