मुख्यमंत्री ने की बद्रीनाथ मास्टर प्लान की जमीनी समीक्षा, दिए निर्देश
-पूर्ण परियोजनाओं के शीघ्र हस्तांतरण के निर्देश, तीर्थ सुविधाओं पर फोकस
बद्रीनाथ धाम, 22 अप्रैल (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचकर मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों की ग्राउंड जीरो पर व्यापक समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाएं जिलाधिकारी की प्रत्यक्ष निगरानी में तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि यह योजना आस्था और राज्य की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।निरीक्षण के दौरान बीआरओ बाईपास रोड, लूप रोड, लेक, आईएसबीटी, सिविक एमिनिटी भवन, टीआईसीसी और अराइवल प्लाजा जैसी पूर्ण परियोजनाओं की स्थिति का भी जायजा लिया गया। मुख्यमंत्री ने इन सुविधाओं के शीघ्र हस्तांतरण और संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि तीर्थयात्रियों को जल्द लाभ मिल सके।
धामी ने परियोजनाओं के दीर्घकालिक संचालन और रखरखाव के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का निर्माण नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक तीर्थ अनुभव उपलब्ध कराना है।
पर्यावरणीय संतुलन पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों को हरित मानकों और स्वच्छता के सख्त पालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धाम की पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखते हुए विकास कार्य किए जाएं। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि समन्वित प्रयासों और सतत निगरानी से बद्रीनाथ मास्टर प्लान समय पर पूरा होगा और धाम भविष्य में देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक आधुनिक एवं सुविधासंपन्न तीर्थस्थल के रूप में स्थापित होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय