एसएमजेएन कॉलेज में स्वच्छता अभियान चलाया
हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की पूर्व संध्या पर एसएमजेएन पीजी कॉलेज में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया। अभियान में प्राध्यापकों,कर्मचारियों और विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस दौरान महाविद्यालय परिसर, शौर्य दीवार, नोटिस बोर्ड, पुस्तकालय, कक्षाओं और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
प्राचार्य प्रो.डॉ.सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि महात्मा गांधी के लिए स्वच्छता नैतिक कर्तव्य और जीवनशैली थी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी और कर्तव्यपरायणता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ मस्तिष्क और सशक्त समाज की नींव है।
कार्यक्रम में प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. विजय शर्मा, प्रो. रिचा मिनोचा, एनएसएस अधिकारी डॉ. पद्मावती तनेजा, डॉ. पुनीता शर्मा सहित शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला