रेडक्रॉस और पैरामेडिकल संस्थान के छात्रों ने रैली निकालकर दिया स्वच्छता का संदेश
पौड़ी गढ़वाल, 02 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छता के प्रति जनजागरुकता बढ़ाने और आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी पौड़ी एवं पराज इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंस पौड़ी के संयुक्त तत्वावधान में शहर में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई।
थानाध्यक्ष जयपाल नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं एवं रेडक्रॉस सदस्यों ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया। हम सबका एक ही नारा, स्वच्छ रहे देश हमारा जैसे नारों से शहर का माहौल स्वच्छता के संदेश से गूंज उठा। इस दौरान थानाध्यक्ष ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
रेडक्रॉस के जिला सचिव केशर सिंह असवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदत अपनाकर बीमारियों से बचाव के साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
रैली में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य मदन मोहन नौडियाल, जसपाल सिंह रावत, दलबीर सिंह बिष्ट, राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत, दीपक खनसूली आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह